संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। शहर के श्री जाहर वीर गोगा पीर धार्मिक स्थल में रात्रि के समय एक नकाबपोश चोर घुसकर दान पात्र से नकदी चोरी कर ले गया। वारदात स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद श्रद्धालुओं में रोष है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चोर ने दान पात्र का ताला नहीं टूटने पर लकड़ी के टुकड़े और पॉलीथिन की मदद से जुगाड़ बनाकर भीतर से राशि निकाल ली। उनका कहना है कि चोर गिरोह लगातार धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे रहा है, जिसके खिलाफ पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
इसी बीच बाबा नौगजा पीर धार्मिक स्थल से एक महिला द्वारा बच्चे के माध्यम से श्रीकृष्ण दरबार से मूर्ति चोरी करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि कलायत क्षेत्र में इन दिनों चोर गिरोह मंदिरों और धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। 28 मार्च को चौशाला गांव स्थित प्राचीन च्यवन ऋषि मंदिर से चांदी के छत्र सहित अन्य सामान चोरी हो गया था। इ मामले में पुलिस अभी जांच-पड़ताल कर ही रही थी कि एक और घटना सामने आ गई।
दूसरी ओर थाना प्रबंधक सुभाष चंद्र ने बताया कि धार्मिक स्थलों पर हुई चोरी के मामलों की जांच एसपी के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में जारी है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।