संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ढांड थाना के तहत आने वाले एक गांव में चार साल की बच्ची से अभद्रता का मामला सामने आया है। बच्ची अपने पड़ोसी के घर खेलते हुए चली गई और वहां रिश्ते में चाचा लगने वाले एक 17 वर्षीय लड़के के पास बैठ गई। आरोप है कि जब आरोपी के परिवार के सभी सदस्य बाहर चले गए तो उसने बच्ची के साथ अभद्रता की।
इसके बाद रोती हुई बच्ची घर पहुंची और अपनी मां को इस बारे में बताया। बच्ची की मां की ओर से इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट व अन्य धाराओं के तहत आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। बच्ची की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना 12 सितंबर को शाम करीब साढ़े चार बजे की है। महिला के अनुसार, उसकी बेटी खेलते हुए उनके पड़ोसी के घर गई। वहां रहने वाले 17 वर्षीय लड़का जो रिश्ते में बच्ची का चाचा लगता है, वह टीवी देख रहा था। बच्ची भी उसके पास जाकर बैठ गई। महिला को बेटी ने बताया कि इस बीच लड़के के परिवार के सदस्य अपने-अपने काम से कमरे से बाहर चले गए तो आरोपी ने बेटी के साथ अभद्रता की।
पुलिस ने आरोपी किशोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। -रेखा, एसएचओ, ढांड थाना