संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीवन थाने में पूछताछ के लिए बुलाई गई एक महिला से मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में सीवन थाना पुलिस ने एक महिला और तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिसकर्मियों को नामजद न कर अज्ञात आरोपी दिखाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामला जांचाधीन है और जो भी
साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की जांच के लिए डीएसपी सुशील कुमार की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया है। वहीं दूसरी ओर, सीवन से एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मिलकर इस केस से जुड़ी लापता युवती की जल्द तलाश करने की मांग की।
यह है पूरा मामला ः सीवन निवासी ममता ने थाने में दी शिकायत में बताया कि वह घरेलू कार्य करती है। उनके पड़ोस की एक युवती उनके पास आती-जाती थी। कुछ दिन पहले वह युवती घर से लापता हो गई। युवती के पिता ने उसे बहला-फुसलाकर किसी युवक के साथ भगाने का आरोप लगाते हुए ममता के खिलाफ सीवन थाने में शिकायत दी।
ममता ने बताया कि इस सिलसिले में उन्हें थाने बुलाया गया। वह अपने पति रोहताश, जेठ बलवंत, सुरेश और भतीजे सचिन के साथ थाने पहुंची। ममता ने आरोप लगाया कि थाने में पहले युवती के परिजनों ने उनसे अकेले में बातचीत की। इसके बाद एक महिला पुलिसकर्मी और तीन पुरुष पुलिसकर्मी उसे पीछे के कमरे में ले गए, जहां उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई और मानसिक उत्पीड़न किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने उसे डंडों से पीटा, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं। जब हालत बिगड़ गई तो परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पीडि़त ममता ने मांग की कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
जनवादी महिला समिति ने मारपीट की निंदा की
कैथल। जनवादी महिला समिति ने सीवन में दलित महिला के साथ पुलिस की ओर से मारपीट मामले की घोर निंदा की है। संगठन ने जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जनवादी महिला समिति की जिला अध्यक्ष सावित्री, सचिव रामकली व जिला कमेटी सदस्य गीता ने पीड़ित महिला के परिवार से मुलाकात की। समिति की सदस्यों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए पीड़ित महिला को न्याय दिया जाए। साथ ही इलाज करवाया जाए। समिति ने मांग की कि घटना के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सबसे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। संवाद
मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है, जिसमें डीएसपी सुशील कुमार सहित दो अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हैं। सीवन थाने में तीन पुलिसकर्मियों और एक महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-बीरभान, डीएसपी मुख्यालय