संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/पटियाला। थाना घन्नौर पुलिस ने गांव माजरी फकीरा के युवक भुपिंदर सिंह के आत्महत्या मामले में जांच करके घटना के दो साल के बाद उसकी पत्नी, प्रेमी, साले समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आरोपियों पर युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगे हैं। आरोप हैं कि पत्नी के किसी अन्य के साथ संबंध होने के कारण युवक ने नहर में कूदकर जान दी थी। आरोपियों में पत्नी राजविंदर कौर, उसका भाई रणजीत सिंह निवासी गांव घड़ाम जिला पटियाला, राजविंदर कौर का प्रेमी अमरजीत सिंह निवासी मसींगण, हरजिंदर कौर व उसका पति जसविंदर सिंह निवासी खुशहाल माजरा जिला कैथल हरियाणा शामिल हैं।
दविंदर सिंह निलासी गांव माजरी फकीरा के मुताबिक उसके लड़के भुपिंदर सिंह की शादी राजविंदर कौर के साथ हुई थी। आत्महत्या करने से कुछ समय पहले भुपिंदर सिंह अपनी पत्नी के साथ कार सेवा वालों के पास हीरा बाग पटियाला में रहने लगा था। बाद में बीमार होने पर वह घर वापस आ गया था, लेकिन उसकी पत्नी ने डेरे से आने से इन्कार कर दिया था। भुपिंदर सिंह कई बार मनाने के लिए भी गया, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करके उसे अपमानित किया था।
आरोपियों से तंग आकर भुपिंदर सिंह ने 28 अगस्त 2022 को गांव बघौरा के नजदीक नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। बाद में पता लगा कि राजविंदर कौर के अमरजीत सिंह के साथ प्रेम संबंध हैं, जिससे परेशान होकर भुपिंदर सिंह ने खुदकुशी की थी। पुलिस ने
सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।