कैथल। शहर के सिरटा रोड स्थित गली नंबर-तीन के पास रविवार देर शाम कुछ युवकों ने एक कार चालक पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले चालक के साथ मारपीट की और उसके बाद कार पर तेल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात अचानक हुई, जिससे आसपास के लोग घबरा गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि आग लगने से कार को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावर युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। संवाद