संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/कलायत। जिले में धुंध का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार मध्यरात्रि भी धुंध के चलते चंडीगढ़-हिसार नेशनल हाईवे पर गांव खरक पांडवा के पास एक कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ घायल हो गए। दंपती को चोटें ज्यादा होने के कारण पीजीआई रेफर किया गया है। ये लोग पुष्कर मेले से लौट रहे थे और चीका के रहने वाले हैं।
घटना मध्यरात्रि की है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां दो को डॉक्टरों ने मृत करार दे दिया। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आर-टू चीका निवासी विनोद कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी चीका अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है।
विनोद कुमार ने बताया कि 12 नवंबर को उसकी माता शिक्षा देवी (63) पड़ोस की औरतें संतोष, निधि, संतोष देवी, कुसुम, रानी के अलावा सुरेंद्र व अग्रवाल धर्मशाला चीका के पूर्व प्रधान कस्तूरी लाल के साथ क्रूजर गाड़ी से पुष्कर खाटू श्याम बाबा के दर्शन करने के लिए गई थीं। गाड़ी चालक दिलशाद भी उनके साथ था।
जब 15 नवंबर को वे सभी पुष्कर व खाटू श्याम धाम से वापस अपने घर आ रहे थे और रात को करीब डेढ़ बजे एनएच 152 पर गांव खरक पांडवा पहुंचे तो वहां धुंध बहुत ज्यादा थी। वहां पर अज्ञात कंटेनर ट्रक चालक ने अपने वाहन को गलत साइड में खड़ा किया हुआ था। धुंध ज्यादा होने के कारण गाड़ी चालक को वह ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार की सीधी टक्कर उससे हो गई। आरोपी वाहन चालक तुरंत अपने वाहन को लेकर मौके से भाग गया। इस दुर्घटना में कार सवार सभी यात्री घायल हो गए।
इलाज के लिए उन्हें सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसकी माता शिक्षा व अग्रवाल धर्मशाला चीका के पूर्व प्रधान कस्तूरी लाल (67) की मौत हो गई। ज्यादा चोटें होने के कारण सुरेंद्र व रानी को डॉक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि अन्य यात्रियों को भी घटना में चोटें आई हैं।
कलायत थाना के प्रभारी जयभगवान ने बताया कि घटना की सूचना पाकर पुलिस रात को ही मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। वहां मृतक महिला और पुरुष के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।