कैथल। काछवा रोड स्थित फ्लाईओवर पर रविवार देर रात को कैथल शहर निवासी मनोज मलिक की कार पराली से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। कार में पांच लोग सवार थे। कार के एयरबैग खुल गए। पांचों सदस्यों को चोटें आई हैं।
कार में सवार मनोज मलिक ने बताया कि वह परिवार के साथ पानीपत में शादी समारोह में गए थे। वापस आते समय हादसा हुआ।
काछवा रोड फ्लाईओवर पर पराली से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली को चालक सड़क के बीच में चला रहा था। ओवरटेक करते समय गाड़ी ट्राॅली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुल गए। कार में परिवार की एक बुजुर्ग महिला, एक बच्ची, एक महिला और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। सभी को हल्की चोटें आईं, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। करनाल में रामनगर थाना के जांच अधिकारी गुरपाल सिंह ने बताया कि कार में सवार लोगों को हल्की चोट आई हैं। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद