संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। उपमंडल गुहला के पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों और शहीद परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए सब एरिया हेडक्वार्टर चंडी मंदिर ने प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को जिला कैथल के संबंधित उपमंडल मुख्यालय पर स्पर्श पेंशन से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण हेतु शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है।
इसी क्रम में अंबाला वेटरन्स सहायता केंद्र, अंबाला कैंट की टीम 24 फरवरी को प्रातः 10 बजे अनाज मंडी चीका स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय परिसर में स्पर्श पेंशन संबंधी शिविर लगाएगी। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रधान जगजीत फौजी और गुहला ब्लॉक प्रधान सूबेदार अवतार सिंह ने बताया कि उपमंडल गुहला के अंतर्गत आने वाले गांवों और शहर के वे पूर्व सैनिक, जिनकी किसी कारणवश स्पर्श पेंशन बंद हो गई है या तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, वे शिविर में पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान करवा सकते हैं।
उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।