संवाद न्यूज़ एजेंसी
कैथल। जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैथल के एनसीसी कैडेटों ने कुरुक्षेत्र में आयोजित दस दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में सफलतापूर्वक भाग लिया। इस दौरान कैडेटों ने कई पदक जीतकर कॉलेज का नाम रोशन किया।
विद्यालय के एनसीसी अधिकारी मुनीश के नेतृत्व में कुल 44 कैडेटों ने इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। प्रधानाचार्य पंकज गुप्ता ने बताया कि विद्यालय में पिछले वर्ष ही एनसीसी यूनिट की स्थापना हुई थी और यह कैडेट्स का पहला प्रशिक्षण शिविर रहा।
शिविर में कैडेटों को एकता, अनुशासन, आपदा प्रबंधन, साइबर क्राइम से बचाव के उपाय, ड्रिल, हथियार संचालन, प्राथमिक चिकित्सा, मानचित्रण तथा सेना से संबंधित बुनियादी सैन्य प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, कैडेटों ने खेलकूद प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर पदक भी प्राप्त किए।
यह शिविर जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हरप्रीत सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जाट हाई स्कूल एजुकेशन सोसाइटी के प्रधान राजकुमार ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि “हमें ‘राष्ट्र प्रथम’ के उद्घोष को अपने जीवन में उतारना चाहिए, और एनसीसी इस दिशा में अत्यंत प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने सभी एनसीसी अधिकारियों का आभार जताया और कैडेटों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में उप-प्रधान बलविंदर सिंह बनवाला, रश्मि ढुल, बलकार नैन सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।