कोविड-19 को लेकर बसों के संचालन पर लगाई गई रोक का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। हालांकि डिपो की ओर से कुछ रूटों पर बसों का संचालन जरूर किया जा रहा है। लेकिन दिल्ली व पंजाब की ओर बसें नहीं चल रही। रविवार सुबह करीब आठ बजे दशहरा के अवसर पर दर्जनों यात्री बस स्टैंड पर दो घंटे बस के इंतजार में खड़े। इसके बाद पीआरसीटी की बस आने के बाद राहत की सांस ली।
बता दें कि रविवार को दिन भर यात्रियों का बस स्टैंड पर आवागमन लगा रहा। बसें न मिलने पर यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बस स्टैंड पर दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों सुशील कुराड़, नवीन कैथल, विक्रम पेघां, रामकुमार सिरटा, सोनू ग्योंग, दलबीर कठवाड़ ने बताया कि वे सुबह करीब आठ बजे बस स्टैंड पर पहुंचे। इसके बाद करीब दो घंटे तक बस के इंतजार में बैठे रहे। बस नहीं मिली। उन्होंने बताया कि एक पंजाब रोडवेज की बस आई जो अलवर, जयपुर की ओर जा रही थी। उन्होंने कहा कि जब पंजाब रोडवेज की बसें दिल्ली से आगे तक जा रही है तो कैथल से क्यों नहीं।
सुबह सवा आठ बजे आती है बस- विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुबह सवा आठ बजे पंजाब रोडवेज की बस आती है। जो कि दिल्ली मार्ग से होते हुए राजस्थान के जयपुर व अलवर तक जाती है।
विभाग के एसएस जीता राम ने बताया कि दिल्ली व पंजाब की ओर बसें चलाने के आदेश नहीं आए है। पंजाब से कुछेक गाड़ियां अनुमति के बाद चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जैसे ही आदेश आएंगे बसों का संचालन किया जाएगा।