बुधवार को नगर परिषद की आम बैठक में महज सात मिनट में शहर में अगले वित्त वर्ष में खर्च होने वाले करीब 36 करोड़ रुपये का बजट पारित कर दिया गया। किसी पार्षद ने बजट में किसी भी प्रावधान का विरोध नहीं किया और बहु प्रतिक्षित बैठक में रखा गया एजेंडा पास कर दिया गया। इसी के साथ नगर परिषद चेयरमैन समर्थक गुट ने राहत की सांस ली है। क्योंकि गत 24 मार्च को परिषद की बैठक नगर परिषद के चेयरमैन यशपाल प्रजापति की तबीयत बिगड़ने और पार्षदों के कथित विरोध के कारण स्थगित हो गई थी।
बुधवार दोपहर 3 बजे परिषद की बैठक चेयरमैन यशपाल प्रजापति की अध्यक्षता में शुरू हुई। 3 बजकर 7 मिनट पर बैठक में रखा गया एजेंडा पास करने का एलान कर दिया गया। एमई राजकुमार ने बैठक के एजेंडे को पढ़ा। जिस पर मौजूद सभी पार्षदों ने सहमति दे दी। जिसके अनुसार अगले साल परिषद के माध्यम से 36.50 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
500 कर्मचारियों को दिया जाएगा 21 करोड़ रुपये का वेतन
नगर परिषद की बैठक में 36.50 करोड़ रुपये के बजट में से 21 करोड़ रुपये कमेटी में तैनात कर्मचारियों को दिया जाएगा। इसमें करीब 500 करीब कर्मचारी शामिल है। जिसमें 190 कर्मचारी नियमित है। 30 कर्मचारी ठेके पर और 110 कर्मचारी आउटसोर्सिंग व 50 कर्मचारी लेखाकार विभाग में तैनात हैं।
ये बजट हुआ पास
बुधवार को आयोजित नगर परिषद की बैठक में कुल 36.50 करोड़ रुपये पास किये गये। जिसमें 21.50 करोड़ कर्मचारियों के वेतन, 1.25 करोड़ फुटकर कार्यों के लिए, 8.90 करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए व 4.90 करोड़ रुपये अन्य कार्यों के लिए मंजूर किये गए।
छोटे मरम्मत कार्यों के लिए पास हो बजट
बैठक के दौरान वार्ड नंबर 20 के पार्षद नरेश मित्तल ने कहा कि नगर परिषद बैठक में वार्ड में छोटे-छोटे कार्य के लिए प्रत्येक वार्ड के लिए 2 से 3 लाख रुपये के बजट को रखने का कार्य करे। जिससे छोटे मरम्मत कार्यों के लिए पार्षदों को नगर परिषद के चक्कर न काटने पड़े।
बिजली की लटक रही तारें
वार्ड नंबर एक की पार्षद किरण बाला ने कहा कि उसके वार्ड में चीका रोड से लेकर सिरटा रोड तक 33 केवी की बिजली की हाई वोल्टेज तारें लटक रही है। इस क्षेत्र में करीब 500 से भी अधिक मकान है। इसे लेकर कई बार शिकायत भी दी जा चुकी है। लेकिन समस्या के समाधान नहीं किया गया है।
लोगों से लिया जा रहा बेवजह जुर्माना
वार्ड नंबर 27 की पार्षद तृप्ता सचदेवा ने कहा कि कमेटी में अपनी प्रोपर्टी की रजिस्ट्री करवाने आए लोगों से बेवजह ही जुर्माना लिया जाता है। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार लेट फीस 90 दिनों का समय होता है। लेकिन अगर कोई एक से दो दिन तक भी लेट हो जाए तो भी उससे जुर्माना वसूल लिया जाता है।
ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक में पार्षद किरण भान, महेंद्रो देवी निशा रानी, संजय भौरिया, कुलदीप सैनी, रमा रानी, बबीता, पूजा, हरजिंद्र सिह, शशी किरण, गौरव ढूल, दीपक शर्मा, सुनीता, सीमा कश्यप, वेद प्रकाश, नरेश, ज्योति सैनी, गोपाल गोबिंद सैनी, महेंद्र थरेजा, संतोष, तृप्ता रानी, मोहन लाल शर्मा, आशा रानी मौजूद रहे।
नहीं पहुंचे वार्ड नंबर 2 के पार्षद
24 मार्च को रखी गई बैठक के रद्द होने के बाद चेयरमैन का विरोध कर रहे वार्ड नंबर 2 के पार्षद विनोद सोनी बैठक में नहीं पहुंचे।
नगर परिषद अध्यक्ष यशपाल प्रजापति ने कहा कि बैठक काफी सफल रही है। बैठक के एजेंडे को सभी पार्षदों ने सर्वसम्मिति से पास कर दिया है। एजेंडे को अनुमानित बजट के माध्यम से ही पेश किया गया है। अप्रैल के पहले सप्ताह में ही एक और बैठक का आयोजन किया जाएगा।