संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। चीका के सेक्टर-3 में बुनियादी सुविधाओं टूटी सडकें, बंद पड़े सीवरेज व स्ट्रीट लाइट के अभाव से परेशान लोगों का गुस्सा वीरवार को फूट पड़ा। क्षेत्रवासियों ने नगरपालिका कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और जल्द समाधान की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हुडा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान पुन्नू राम गुप्ता ने कहा कि सेक्टर-3 शहर के महंगे इलाकों में शामिल है, जहां लोगों ने करोड़ों रुपये खर्च कर प्लॉट और मकान बनाए हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं।
सड़क, सीवरेज और लाइट की गंभीर समस्या : लोगों ने बताया कि सेक्टर की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। वहीं, सीवरेज
व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है और गंदा पानी सड़कों व खाली प्लॉटों में जमा रहता है, जिससे बदबू और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि स्ट्रीट लाइट वर्षों से बंद हैं, जिससे रात के समय अंधेरा छाया रहता है। कई
बार शिकायत देने के बावजूद कोई
ठोस कार्रवाई नहीं हुई। भोजराज
बिंदलिश, सुनील शाह और रमेश जिंदल आदि ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं
हुआ तो महिलाएं और बच्चे भी आंदोलन में शामिल होंगे और नगरपालिका कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
नगरपालिका की अध्यक्ष ने दिया आश्वासन
नाराज सेक्टर-3 के लोगों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नगरपालिका की अध्यक्ष डॉ. रेखा रानी मौके पर पहुंचीं और लोगों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि सड़कों का टेंडर पहले ही हो चुका है, लेकिन ठेकेदार द्वारा काम शुरू नहीं किया जा सका। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सड़क मरम्मत, सीवरेज सुधार, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।