गुहला चीका। गुहला क्षेत्र की बदहाल सड़कों ने एक और व्यक्ति की जान ले ली। चीका निवासी 60 वर्षीय सुरेंद्र गोयल मंगलवार दोपहर भोजन के लिए सेलर से स्कूटर पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पटियाला रोड स्थित नए बस अड्डे के समीप पहुंचे, सड़क के बीच बने बड़े गड्ढे से बचने की कोशिश में संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में स्कूटर समेत सुरेंद्र गोयल सड़क पर गिर पड़े और वाहन चालक उन्हें कुचलता हुआ मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही चीका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। गौरतलब है कि इसी परिवार के सदस्य मामराज गोयल की भी कुछ दिन पहले चीका क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि गुहला-चीका की जर्जर सड़कों की वजह से अब तक सैकड़ों हादसे हो चुके हैं और दर्जनों लोग जान गंवा चुके हैं, बावजूद इसके सरकार और प्रशासन सड़क सुधार को लेकर गंभीर नहीं दिखाई देता।
चीका थाना प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि जांच अधिकारी पोस्टमार्टम के लिए शव को कैथल लेकर गए हैं। परिजनों के बयान के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।