राजौंद। कस्बे के मुख्य मार्ग पर टूटी सड़क और जगह-जगह पर बह रही पानी ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी जमा होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालक फिसलने के डर से धीमी गति से चलने को मजबूर हैं, वहीं बड़े वाहन चालकों को भी संभलकर निकलना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क खत्म हो चुकी है, जिसके कारण गड्ढे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से थोड़ी सी बारिश या पानी गिरने पर सड़क पर कीचड़ और जलभराव हो जाता है। इससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
व्यापारियों ने बताया कि खराब सड़क के कारण ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित हादसों से बचा जा सके। संवाद