संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। वर्ष प्रतिपदा व रामनवमी उत्सव के संबंध में राजौंद में जिला उपाध्यक्ष बीरभान निर्मल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें उन्होंने मौजूद लोगों से विचार विमर्श करने के बाद प्रखंड की इकाई का गठन किए जाने का प्रस्ताव रखा।
प्रखंड पालक के रूप में बीरभान निर्मल की राजौंद में यह पहली बैठक थी। उन्होंने कहा कि पूरे जिला में विश्व हिंदू परिषद की गठित इकाइयां समर्पण भाव से कार्यरत हैं। राजौंद में इकाई नहीं है जिसके लिए विश्व हिंदू परिषद की ओर से राजौंद प्रवास कर इकाई के गठन का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि महान हिंदू संस्कृति को और पल्लवित करने के लिए 70 वर्ष पूर्व विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की गई थी। जिला सहमंत्री निशीकांत शर्मा ने कहा कि देश में इस समय लगभग 80 प्रतिशत आबादी हिंदू है, पर उसके बावजूद भी हमारे देश के अनेक मंदिर पूजा विहीन हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू रक्त में संस्कृति का प्रवाह देने के लिए विहिप द्वारा वर्ष भर में अनेक उत्सवों का आयोजन किया जाता है। रामनवमी पर होने वाला रामोत्सव कार्यक्रम संगठन की वार्षिक गतिविधि में शामिल है।
उन्होंने बताया कि विहिप का रामोत्सव कार्यक्रम के माध्यम से हिंदू समुदाय को एक सूत्र में पिरोने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि भारत समेत पूरी दुनिया के 30 देशों के लगभग एक लाख मंदिरों और अन्य प्रमुख स्थानों पर रामोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया की रामोत्सव कार्यक्रमों की शुरुआत नववर्ष प्रतिपदा यानी 9 अप्रैल से शुरू होगी और 24 अप्रैल हनुमान जयंती के दिन कार्यक्रमों का समापन होगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान सभी मंदिरों में पूजा पाठ, सुंदरकांड पाठ, रामधुन संकीर्तन आदी किए जाऐंगे। उन्होंने कहा कि इसी सप्ताह में राजौंद इकाई का गठन किया जाए ताकि राजौंद में भी रामोत्सव कार्यक्रमों को भव्य रूप से किया जा सके।
इस अवसर पर अमन राणा, प्रदीप कुमार, डिंपल राणा, रामफल शर्मा, नाथी राणा, ओमवीर, यश पाल, दुर्गा दास शर्मा, ओमवीर राणा, अशोक मास्टर, मनोज शर्मा, जयप्रकाश पटवारी, धर्मपाल शर्मा, देवेंद्र शर्मा, राजेश शर्मा मौजूद रहे।