संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। किसानों को सीधा बाजार से जोड़ने के लक्ष्य को लेकर कलायत के शिक्षा भारती स्कूल में पहले किसानऑनलाइन मेले का आयोजन हुआ। मेले में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने किसानों की मौजूदगी में कृषि को नई दिशा देने के विषय को लेकर व्यापक स्तर पर चिंतन और मंथन किया।
मेले की शुरूआत बतौर मुख्य अतिथि पशुपालन विभाग के वैज्ञानिक डॉ. रमेश सिंह ने की। आयोजक नीरज सिंह, निदेशक मोनिका बिढाण और राहुल ढिंगरा ने बताया कि मेले में हरियाणा बागवानी विभागाध्यक्ष मोनिका, हरियाणा कृषि विभाग से जगदीश मलिक, लघु कुटीर एवं मध्यम उपक्रम भारत सरकार से कृषि विशेषज्ञ नितिन कुमार, शिक्षा भारती स्कूल प्रबंध समिति से निदेशक जितेंद्र सिंह आदि हिस्सा लिया। मेले में किसानों की सुविधा के लिए करीब 40 स्टाल लगाए गए।
किसानों को खाद, बीज, दवा और विभिन्न तरह के कृषि उपकरणों को सीधे तौर से खरीदने की सुविधा दी गई। सीईओ नीरज कुमार ने बताया कि देश में यह एक ऐसी ऑनलाइन प्रणाली है, जिसमें किसान पशु चारे से लेकर महंगी से महंगी कीमत के कृषि उपकरण खरीद सकता है। इसी तरह वह अपने उत्पादन को बगैर बिचौलिये निर्यातकों को बेच सकता है। शिक्षा भारती स्कूल प्रबंध समिति निदेशक जितेंद्र सिंह ने कहा कि कृषि को विकसित करने के तमाम कदमों को उठाने की सख्त जरूरत है।