संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। बांग्लादेश में बिगड़े राजनीतिक हालात के चलते हिंदुओं व मंदिरों पर हो रहे हमले से नाराज ब्राह्मण समाज के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
विप्र फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर निर्मल ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू नागरिकों की संख्या एक करोड़ 31 लाख के करीब है। यह अनुपात लगातार कम इसलिए होता जा रहा है कि वहां हिंदुओं का धार्मिक उत्पीड़न व मंदिरों पर बर्बरता हो रही है। उन्होंने कहा कि इस समय हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। देश के विभाजन के समय जो हालात बने थे, आज बांग्लादेश के हिंदू गंभीर हालातों से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज बांग्लादेश में हिंदुओं व हिंदू मंदिरों पर हो रहे अत्याचार पर रोष प्रकट करता है। साथ ही सरकार से मांग करता है कि सुरक्षा के लिए आवश्यक सहायता व कानूनी प्रक्रिया को तेज करे ताकि उनके सम्मान व संपत्ति को क्षति न हो। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता ब्राह्मण मंच के अध्यक्ष राजेश निर्मल, विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष बीरभान निर्मल, पंडित विशाल शांडिल्य, कपिल मुनि मंदिर के पुजारी अनिरुद्ध गौतम व पंडित भीरा राम शास्त्री मौजूद रहे।