कैथल। पंचकूला में चल रही खेलो इंडिया में कैथल की बॉक्सर लासू यादव ने यूपी की बॉक्सर को क्वार्टर फाइनल में हराकर अपना कांस्य पदक पक्का कर लिया है। अब रविवार को सेमीफाइनल का मुकाबला होगा। इसमें यदि वह जीत गईं तो सफलता की एक और सीढ़ी चढ़ जाएंगी।
खेलो इंडिया के तहत आयोजित 70 किलो भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में उन्होंने यूपी की बॉक्सर गौरी सिंह को 5-0 से हराया। इस जीत के साथ उनका कांस्य पदक पक्का हो गया। लासू यादव के कोच गुरमीत सिंह ने बताया कि अब वह सेमीफाइनल में रजत पदक के लिए दावेदारी पेश करेंगी। यदि लासू ने यह मुकाबला भी जीत लिया तो उनके लिए एक और उपलब्धि होगी। लासू की जीत पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी अमरजीत सिंह, कोच अशोक शर्मा, बाक्सिंग कोच राजेंद्र, अमरजीत, विक्रम डीपीई, संदीप डीपीई, दिलावर, कोच विजय, राज कपूर, राजकुमार ने बधाई दी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम चमका चुकी है लासू यादव
पट्टी अफगान निवासी बॉक्सर लासू यादव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपना व अपने क्षेत्र का नाम चमका चुकी है। लासू यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरवरी 2020 में स्वीडन के बोरस में आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। लासू यादव दो साल पहले भी गुवाहाटी में आयोजित खेलो इंडिया प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुकी है।
स्नेहा क्योड़क ने भी 75 किलो भार वर्ग में जीता क्वार्टर फाइनल मुकाबला
खेलो इंडिया के 75 किलो भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बॉक्सर स्नेहा क्योड़क ने जीत दर्ज की है। स्नेहा ने महाराष्ट्र तनिष्का को पहले ही चरण में हरा दिया। स्नेहा के खिलाफ बॉक्सर तनिष्का ने मुकाबले में दौरान नॉक आउट कर दिया। यह मुकाबला एक मिनट के अंदर ही समाप्त हो गया। इस दौरान दो बार काउंटिंग हुई। इसके बाद रेफरी ने स्नेता की जीत की घोषणा कर दी। गौरतलब है कि इससे पहले स्नेहा ने एशियन बाक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। स्नेहा भी खेलो इंडिया प्रतियोगिता के तहत अब सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। स्नेहा का सेमीफाइनल मुकाबला भी रविवार को होगा।
42-कैथल। 75 किलो भार वर्ग में महाराष्ट्र की खिलाड़ी तनिष्का को हराने वाली कैथल की मुक्केबाज खिलाड़ी- फोटो : Kaithal