गुहला-चीका। अनाज मंडी चीका में पिछले छह दिन से गेहूं खरीद की बाट जोह रहे आढ़तियों व किसानों ने खरीद होने पर राहत की सांस ली। शुक्रवार को खरीद एजेंसी खाद्य एवं आपूर्ति मंडी में उतरी। इस दौरान अधिकारियों ने मंडी में करीब दो हजार क्विंटल गेहूं की खरीद की। खरीद इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि वे तो गेहूं की ओर भी खरीद करना चाहते थे, लेकिन बार-बार नमी की समस्या उनके आड़े आ रही थी। देवेंद्र कुमार ने बताया कि अब मौसम पूरी तरह साफ हो गया है। छह दिन बाद से जैसे ही अधिकारियों ने गेहूं खरीदनी शुरू की तो आढ़तियों व किसानों के चेहरे खिल उठे। उनका कहना था कि बेशक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने दो हजार क्विंटल के करीब ही गेहूं की खरीद की है, जो काफी कम है। उसके बावजूद बोहनी हो जाने से वे संतुष्ट है।
मार्किट कमेटी सचिव ने कहा कि गेहूं खरीद का कार्य सरकार की खरीद एजेंसियों का है। उन्होंने मंडी में आढ़तियों, किसानों, मजदूरों व आम लोगों को पानी, सफाई, शौचालयों व बिजली सुविधा मुहैया करवा दी है।
राजौंद अनाज मंडी में काम शुरू
राजौद। अनाज मंडी में शुक्रवार को गेहूं का खरीद कार्य शुरू हुआ। इससे किसानों को राहत मिली।
पिछले छह दिनों से लगातार मंडी में गेहूं की कोई ढेरी नहीं आ रही थी। जबकि सरसों की खरीद बराबर जारी थी। इस पर आज पहले दिन राजौंद अनाज मंडी में 500 क्विंटल के लगभग गेहूं आई है। जिसकी खरीद होनी अभी बाकी है। मार्किट कमेटी सचिव ओमप्रकाश ने बताया कि गेहूं खरीद के लिए यहां दो खरीद एजेंसियां नियुक्त की है। जिसमें खाद्य आपूर्ति खरीद एजेंसी हैफेड खरीद एजेंसी ने गेहूं की खरीद का कार्य करना है। सचिव ने बताया कि गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां पूरी हैं।