कैथल। शहरी निकाय मंत्री डा. कमल गुप्ता द्वारा ली गई बैठक के बाद शुक्रवार को ईओ कुलदीप मलिक ने अपने कार्यालय में बुलाकर सभी स्टॉफ सदस्यों को बधाई दी और उनकी पीठ थपथपाई। इस बैठक के बाद शहर में अवैध कॉलोनियों को वैध किए जाने के काम में भी तेजी आने की उम्मीद जगी है। बैठक के सात में से पांच एजेंडों में कैथल नगर परिषद का काम काफी संतोषजनक पाया गया है।
बैठक में शहर के विकास से संबंधित सात एजेंडों पर मंत्री ने सवाल जवाब किए थे। ईओ कुलदीप मलिक ने अपने स्टॉफ सदस्यों को बताया कि शहर में अवैध कॉलोनियों के प्रस्ताव कुछ तो सरकार को भेजे गए हैं, शेष के लिए डीटीपी कार्यालय को औपचारिकताएं पूरी करने के लिए भेजा है। ताकि जल्द से जल्द इन्हें वैध किया जा सके। नगर परिषद को प्रॉपर्टी टैक्स वसूली के लिए शाबाशी मिली। साथ ही प्रॉपर्टी आईडी मिलान का कार्य शत-प्रतिशत हुआ तो मंत्री ने भी इस काम की सराहना की। नगर दर्शन पोर्टल में आई 18 शिकायतों पर हुआ कार्य, सभी शहरों में अव्वल रहा। इसके अलावा पार्कों के रखरखाव, शहर के सौंदर्यकरण, पुराने किरायेदारों की रजिस्टरी करवाने में भी काफी संतोषजनक काम मिला। बैठक में जिस तरह से काम संतोषजनक पाया गया है, उसके लिए सभी स्टॉफ सदस्य बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि काम में कमी निकलने पर कर्मचारियों से सवाल पूछा जाता है तो काम पूरा मिलने पर उन्हें प्रोत्साहित किया जाना भी जरूरी है।
उधर, नगर परिषद से ही मिली जानकारी के अनुसार सिटी स्कवेयर के लिए गत तीन अप्रैल को भी नोटिस जारी किया था। निर्माण एजेंसी से जवाब मांगा गया है। बताया जा रहा है कि मंत्री के आदेशों के बाद अब सिटी
स्क्वेयर का काम फिर से तेजी पकड़ सकता है।