संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के गांव गढ़ी पाडला के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले गांव सीनंद निवासी संदीप (28) व आशु (25) शादीशुदा थे। इनमें से आशु का एक बेटा है, जबकि संदीप के पास अभी बच्चे नहीं हैं।
दोनों का एक-एक भाई और दो बहनें हैं। हादसे से पूरे परिवार दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं तीसरा घायल गांव हरिपुरा का रहने वाला मेजर सिंह है, जो अस्पताल में दाखिल है। इसका उपचार चल रहा है। दोनों युवक मजदूरी करते थे और रात के समय किसी काम से कैथल शहर में आए थे। घर लौटते समय यह हादसा हुआ।
वहीं इस संबंध में पुलिस ने मृतक युवक संदीप के भाई कश्मीर सिंह की शिकायत पर अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मरने वाले युवक हेलमेट पहने हुए थे।
रविवार देर रात को एक कार ड्राइवर ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा घायल हो गया। राहगीरों ने जैसे ही यह दुर्घटना देखी, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। तीनों को कैथल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया।
वहां पर जांच के बाद दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज चल रहा है।
सदर थाना एसएचओ रमेश चंद्र ने बताया कि उक्त हादसे में दो की मौत हो चुकी है। जबकि एक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।