संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। तितरम थाना क्षेत्र में कार चालक को बंधक बनाकर व उस पर बर्फ के सुओं से हमला कर कार, मोबाइल व रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। जानकारी मिली है कि लूटपाट केे दोनों आरोपी जींद वाली बोली बोल रहे थे। पीड़ित का यह भी कहना है कि आरोपियों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बता रहे थे। भिवानी निवासी कार चालक की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कार चालक भिवानी के पटेलनगर निवासी दलीप शर्मा ने बताया कि वह किराये पर कार चलाता है। वह अपनी कार को हाउसिंग बोर्ड मार्केट भिवानी में खड़ी करता है। 19 फरवरी को सुबह करीब 11:30 बजे दो लड़के उसके पास आए। उन्होंने उसे कैथल चलने के लिए कहा। इसके लिए 3200 रुपये में किराये की बात तय हुई। आरोपियों ने उसे 1500 रुपये तेल के एडवांस दे दिए। रास्ते मे थोड़ा चला ही था कि पिछली सीट वाले लड़के ने कहा कि उसे स्टीरियो में गाने सुनने हैं और उसका फोन मांग लिया।
दोपहर करीब ढाई बजे वे देवबन कैंची चौक से कैथल की तरफ पहुंचे तो अगली सीट पर बैठे लड़के ने कहा कि आप खेत में बने रास्ते में गाड़ी को ले लो। उसे यहां से लैपटॉप वगैरह लेना है। इस पर उसने सड़क ोपर ही गाड़ी रोक दी और कहा कि कच्चे रास्ते में गाड़ी नहीं जाएगी।
इसके बाद दोनों लड़कों ने एकदम उस पर बर्फ वाले सुओं से हमला कर दिया। उन्होंने काफी सुए उसे मारे। एक आरोपी ने उसके गले में मफरल डाल लिया और दोनों हाथों से खींच लिया। आरोपियों ने उसे पिछली सीट पर घसीट लिया और उसे सीट पर बांध दिया। आगे बैठा लड़का गाड़ी चलाने लगा।
दलीप शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपी जींद वाली बोली बोल रहे थे। इस बीच आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर उससे एटीएम कार्ड, गुगल पे व फोन का पिन कोड पूछ लिया। फिर कुछ दूरी पर चलकर गाड़ी पेट्रोल पंप से पीछे रोककर गाड़ी चलाने वाला लडक़ा तितरम गांव के पास वाले पेट्रोल पंप से 700 रुपये उसके खाते से पेट्रोल पंप के सेल्समैन से निकलवाकर लाया। बाद में आरोपी उसे नेशनल हाईवे 152 पर महादेव ढाबा के सामने खेतों के कच्चे रास्ते में गाड़ी सहित ले गए।
आरोपियों ने वहां भी मारपीट कर दोबारा बर्फ के सुओं से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोपी स्वयं को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। बाद में आरोपी उसकी कार, मोबाइल व पर्स सहित अन्य दस्तावेज लूटकर उसे कार से नीचे फेंककर भाग गए। वह बड़ी मुश्किल से पुलिस के पास पहुंचा और शिकायत दी।
तितरम थाना एसएचओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।