राजौंद। गांव खेड़ी सिंबल वाली में पेयजल आपूर्ति के लिए लगाया गया बोर करीब एक माह से खराब पड़ा है। लंबे समय से बोर की मरम्मत नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने से रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और लोगों को दूसरे स्थानों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीण अजय और सुबा ने बताया कि बोर खराब होने की सूचना संबंधित विभाग को कई बार दी जा चुकी है लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। पेयजल की कमी के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक नया बोर तैयार नहीं होता, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था कर लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाया जाए, ताकि उन्हें परेशानी न उठानी पड़े।
नया बोर लगाने के लिए फाइल मंजूर हो चुकी है और जल्द ही गांव में नया बोर लगवा दिया जाएगा। उसके बाद गांव में पेयजल संबंधी कोई समस्या नहीं रहेगी।
- कर्मवीर सिंह, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग, राजौंद।