कलायत। श्मशान घाट से अस्थियां गायब होने का मामला सामने आया है। इस मामले में पवन कुमार ने कलायत पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है।उन्होंने जलती चिता के साथ तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वार्ड नंबर आठ निवासी पवन कुमार का कहना है कि पांच जुलाई को उसके छोटे भाई ओमपाल का आकस्मिक निधन हो गया था। हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार स्थानीय श्मशान घाट में सुबह नौ बजे उसका अंतिम संस्कार कर दिया था।
शुक्रवार सुबह जब परिजन अस्थि संचय के लिए श्मशान घाट पहुंचे तो जिस स्थान पर ओमपाल का अंतिम संस्कार किया गया था वहां से अस्थियां ही गायब थीं। मौके पर तांत्रिक विद्या का सामान पाया गया। इस पूरे दृश्य को देखकर उनके परिजन सन्न रह गए।
नाराज होकर उन्होंने रामबाग श्मशान घाट के प्रधान राधेश्याम भट्ट को मौके पर बुलाकर उनके सामने पूरी घटना की जानकारी रखी और श्मशान घाट में लगे सीसीटीवी की फुटेज निकलवाने की मांग की। जब फुटेज निकाली तो पाया गया कि तीन आदमी अंधेरे में बैठकर चिता के पास कोई तांत्रिक क्रिया कर रहे हैं।
फुटेज गौर से देखने के बाद तीन आदमियों में से एक ही पहचान कलायत निवासी एक व्यक्ति के रूप में हो गई। सारे मामले को लेकर परिजन और नगर के कई लोग पुलिस स्टेशन पहुंचे।
उन्होंने थाना प्रभारी को सीसीटीवी की फुटेज के साथ अपना शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने पुलिस से लोगों की भावनाओं को आहत करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज व अन्य तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। शिकायत लेकर पहुंचे लोगों को उन्होंने आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर विनोद कुमार, तेजपाल, यशपाल सिंह, दशरथ सिंह, मंगत सिंह, शिव कुमार राणा, शशि कुमार, बीरभान निर्मल आदि मौजूद रहे।