कैथल। अंबाला रोड पर आरकेएसडी कॉलेज के सामने भ्रूण मिलने की आशंका पर शहर में सनसनी फैल गई। जब जांच के लिए अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंची तो वह बायो-मेडिकल वेस्ट पाया गया। सुबह जैसे ही सफाई कर्मचारी अंबाला रोड पर सफाई करने पहुंचे तो उन्होंने यह सब देख, पास से गुजर रहे लोगों की जानकारी दी। लोगों ने सिविल लाइन और सिटी थाना में फोन कर पुलिस को इस बारे बताया। सूचना पाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम, सिटी व सिविल लाइन एसएचओ मौके पर पहुंचे। सिविल सर्जन डॉ. राकेश शहल ने बताया कि सूचना पर टीम मौके पर गई थी। भ्रूण जैसी कोई चीज नहीं पाई गई। दूसरी ओर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ विकास हुडा ने बताया कि बायो-मेडिकल वेस्ट को इस प्रकार फेंकना गैर कानूनी है। इसकी जांच करवाई जाएगी। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।