संवाद न्यूज एजेंसीकैथल। काकौत हेड में 9 अगस्त को नहर में नहाते समय डूबे गांव भैणी माजरा निवासी 19 वर्षीय सनमदीप का शव मंगलवार को करीब 40 से 45 किलोमीटर दूर जींद जिले के नरवाना क्षेत्र के गांव डोहाना खेड़ा के पास बरामद हुआ। ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखकर शव की पहचान की और परिजनों को सूचना दी।
इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। सनमदीप के पिता सतपाल ने बताया कि नौ अगस्त की शाम उनका बेटा काकौत हेड पर नहर में नहाने गया था। नहाते समय पैर
फिसलने से वह नहर में गिर गया और पानी में डूब गया।
घटना की सूचना प्रशासन को देने के बाद युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। परिजनों और गोताखोरों ने चंदाना गांव के हेड तक भी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सतपाल ने बताया कि सनमदीप का सपना विदेश जाने का था। परिवार को उम्मीद थी कि वह आगे चलकर विदेश जाएगा और भविष्य को बेहतर बनाएगा, लेकिन हादसे में उसकी जान चली गई।
मंगलवार को शव मिलने के बाद परिवार का इंतजार खत्म हुआ, लेकिन बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तितरम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश ने बताया कि युवक का शव बरामद कर लिया गया है। परिजनों की ओर से मामले में शिकायत नहीं दी गई है।