मृतक के परिजनों से जानकारी हासिल करते पुलिस अधिकारी। संवाद
कलायत। सिंचाई विभाग कार्यालय के पास मंगलवार को सिरसा ब्रांच नहर में एक युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही कलायत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान कैथल की जनकपुरी कॉलोनी निवासी 37 वर्षीय वीरू सैनी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सबसे पहले नहर से गुजर रहे कांवड़ियों ने शव को तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और परिजनों को सूचना दी। मृतक के परिजनों ने बताया कि वीरू सैनी शटरिंग का कार्य करते थे। रविवार सुबह वे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद सोमवार शाम गांव डयोढ खेड़ी के पास नहर किनारे उनकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, टिफिन, चप्पल और कपड़े मिले थे।
इसके बाद परिजनों ने कैथल में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने कलायत पहुंचकर शव की पहचान की। मृतक के भाई निक्कु ने आरोप लगाया कि वीरू के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान हैं जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं पत्नी बबली ने बताया कि कुछ युवकों के साथ वीरू का विवाद रहता था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। वीरू अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए हैं।
थाना प्रभारी अमन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।