कलायत। अनाज मंडी कलायत में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को धूमधाम से मनाने के लिए पायलट रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल में स्कूली छात्रों के साथ साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने भाग लिया। पायलट रिहर्सल में तहसीलदार अजय कुमार और बीडीपीओ रितु मौजूद रहीं।
आयुष विभाग की ओर से डॉ. प्रमोद सैनी, डॉ. मिनी और डॉ. सुलेखा और आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन प्रकाश रवि गर्ग ने किया। डाॅ. प्रमोद सैनी ने बताया कि यौगिक अभ्यास में स्कंद संचालन, ताड़ासन, पादहस्तासन, अर्ध- चक्रासन, त्रिकोणासन, दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, अर्ध-हलासन, पवनमुक्तासन, स्वासन, कपालभाति क्रिया, नाड़ी शोधन, प्राणायाम में अनुलोम विलोम, शीतली प्राणायाम और भ्रामरी प्राणायामों का अभ्यास करवाया गया।
ध्यान, संकल्प व शांति पाठ के साथ प्रशिक्षण संपन्न हुआ। बीडीपीओ रितु ने कहा कि उपायुक्त अपराजिता के मार्गदर्शन में 21 जून को सुबह 6 से 8 बजे तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। इसकी थीम योगा फॉर हेल्दी एजिंग है, जो पीढ़ियों तक स्वास्थ्य, ज्यादा सक्रिय और खुशहाल जिंदगी में योग के योगदान पर केंद्रित है। तहसीलदार अजय कुमार ने बताया कि इस पायलट रिहर्सल के माध्यम से योग स्थल पर पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं का मौके पर जायजा लिया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा कार्यालय से सलीम, प्रधानाचार्य सुखदेव सिंह, सुखदेव सिंह पीटीआई, मार्किट कमेटी से मोहन और नगर पालिका से सोमदत्त शर्मा उपस्थित रहे।
योग साधना करते योग साधक