भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला शनिवार को अपने दो दिवसीय दौरे में अलग-अलग वर्ग के प्रतिनिधियों से बातचीत कर सरकार व संगठन की ग्राउंड रिपोर्ट लेकर सोनीपत के लिए रवाना हो गए। दूसरे दिन आरकेएसडी कॉलेज में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग की बैठक में लोगों ने समस्याओं की झड़ी लगा दी। जिस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दो दिन के प्रवास में जो भी बातें, सुझाव एवं समस्याएं सामने आई हैं। उन पर मंथन करते हुए उनका समाधान किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष के दौरे के दूसरे दिन आरकेएसडी कॉलेज में पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व विधायक भाई लीला राम एवं पार्टी नेता रमेश गुप्ता एडवोकेट के संयोजन में जिले भर से प्रबुद्ध वर्ग के लोगों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। लोगों ने अपनी समस्याएं रखनी शुरू की तो सिलसिला बढ़ता ही गया।
आज भी लागू है इंस्पेक्टरी राज
राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने कहा कि कस्टम मिलिंग का काम आज चुनौतीपूर्ण हो गया है। मिलर्स पर आज भी इंस्पेक्टरी राज लागू है। मिलर्स को इंस्पेक्टरी राज के कारण काफी परेशानी होती है। इससे छुटकारा मिलना चाहिए। मिलर्स चावल की मिलिंग करके सरकार को देते हैं। लेकिन न सही मिलिंग दर मिल रही न ही बिजली दरों में राहत।
40 साल से काम कर रहे लोगों से छुड़वाया जा रहा है काम
मांगें राम कैलरम ने कहा कि वे 40 साल से पेस्टीसाइड से काम कर रहे हैं। आज बीएससी सर्टिफिकेट मांगा जा रहा है। उन्हें काफी परेशानी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार कम तो हुआ है, लेकिन पूरी तरह नहीं। जिस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नए लाइसेंस बीएससी धारकों को ही दिए जाएंगे। पुरानों से बीएससी की डिग्री नहीं मांगी जाएगी।
फसल बीमा योजना से नहीं मिल रहा लाभ
शहरवासी राजपाल कुंडू ने कहा कि वे एलआईसी का काम करते हैं। अक्सर लोग चर्चा करते हैं कि फसल बीमा योजना से कोई लाभ नहीं मिल रहा। इसलिए इस योजना में सुधार किया जाए। इस बात पर बराला ने कहा कि योजना से काफी लाभ हुआ है। कैथल से 7 करोड़ तो प्रीमियम गया और 14 करोड़ रुपये किसानों को बतौर मुआवजा दिए गए हैं। सरदार गुरजंट सिंह ने भी किसानों की समस्या उठाई।
शहर में पीने का पानी नहीं है सर
पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण सिंगला ने कहा कि शहर में पीने के पानी की समस्या है। पहले नहर 21 दिन में आ जाती थी, अब 32 दिन में आती है। तो पीने के पानी के लिए कहां जाएं। इसमें सुधार किया जाए।
शहर में बदहाल है ट्रैफिक व्यवस्था
भाजपा नेता सुभाष चुघ ने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल है। किसी भी सड़क पर निकलने का रास्ता नहीं बचता। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इसमें सुधार का प्रयास किया जाएगा। कुरुक्षेत्र में सभी चौकों पर बत्ती लगाने के बाद सुधार के दृष्टिगत कैथल में भी ऐसा प्रयास किया जाएगा।
एक भी पक्षियों का डॉक्टर नहीं हैं, 900 पोल्ट्री फार्म हैं
शहरवासी राजकुमार मित्तल ने कहा कि जिले में करीब 900 पोल्ट्री फार्म हैं, लेकिन कैथल-कुरुक्षेत्र में एक भी डॉक्टर नहीं हैं। यदि यह पक्षी बीमार हो जाए तो उन्हें जींद या पानीपत में जाना पड़ता है। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह काफी महत्वपूर्ण विषय है। इसे शीघ्र निपटाया जाएगा।
अतिक्रमण से 10 से 11 फुट रह जाती है सड़क
शहर से आए प्रशांत ने कहा कि शहर में अतिक्रमण बहुत ज्यादा है। जो सड़क 100 फुट चौड़ी है, वे महज 10 से 12 फुट की रह जाती हैं। अतिक्रमण के कारण सभी सड़कें बदहाल हैं।
सरकारी कार्यालयों में न बैठने की न खड़े होने की जगह
शहरवासी संजय रावल ने कहा कि शहर में कई सरकारी कार्यालय ऐसे हैं, जहां न बैठने की न खड़े होने की जगह मिलती। यहां आरटीओ कार्यालय में यह समस्या सबसे ज्यादा है। लोगों को धूप में खड़ा होना पड़ता है।
समस्याओं पर बराला ने कहा कि जो भी विषय उनके ध्यान में लाए गए हैं, सभी पर गहनता से विचार-विमर्श करके फैसले लिए जाएंगे। ताकि लोगों को परेशानी ना हो। इस अवसर पर सत्यवान शेरा, विधायक कुलवंत बाजीगर, सुभाष हजवाना, भाई लीला राम, राव सुरेंद्र सिंह, यशपाल प्रजापति, संजय भारद्वाज, नरेश मित्तल, सुभाष शर्मा, दरबारा सिंह डोहर, सरदार गुरजंट सिंह, बीबी भारद्वाज, श्रवण देवबन आदि मौजूद थे।