कांग्रेस के अखिल भारतीय मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि देश को अस्पतालों की जरूरत है, लेकिन सरकार नया संसद भवन और अन्य भवन बना रही है। सरकार के लिए अस्पताल जरूरी नहीं हैं। आज पूरे देश और प्रदेश में विपत्ति आई हुई है। मदद के लिए सरकार कहीं नजर नहीं आ रही। सरकार ने लोगों को सही मायने में आत्मनिर्भर बनाते हुए रामभरोसे छोड़ दिया है। जरूरत के टीके व दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। कांग्रेस पार्टी कहीं ना कहीं से खरीदवाकर ला रही है। कई पत्रकार साथियों को जरूरत का टीका उपलब्ध करवाया है, लेकिन सरकार पता नहीं कहां ले गई, इस तरह के सारे टीके।
अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में सुरजेवाला ने कहा कि सीएम कहते हैं कि हम अस्पतालों में जाएंगे, उनके जाने से सात-सात घंटे लोग तड़पते रहते हैं। सांसद और विधायक घरों में बैठे हैं। अगली बार फिर से जात-पात व धर्म की राजनीति करेंगे। पूरे प्रदेश में कांग्रेस कमेटी के कार्यालय से हेल्पलाइन चल रही है। कांग्रेस ने नेशनल कंट्रोल रूम बनाया है। पार्टी के अलग-अलग मुख्यालयों में दवा, ऑक्सीजन व खाने आदि का प्रबंध किया है। कांग्रेस पार्टी तो आज भी खड़ी है। विदेश के दूतावास भी कांग्रेस को संदेश देकर ऑक्सीजन मंगवा रही हैं। ये इस देश की हालत है। उम्मीद है कि कांग्रेस को देखकर ही कम से कम प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करेगी। उन्होंने स्वीकारा कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस का प्रदर्शन आशा के अनुरूप नहीं रहा। आने वाले चुनावों के लिए कांग्रेस के पास नेता भी है, नेतृत्व भी है और नीति भी है। देश के लोगों ने जिस नेता को सत्ता सौंपी थी, वह कैसा निकला, यह पूरे देश ने देख लिया है। केवल कांग्रेस पार्टी को ही सत्ता चलानी आती है।