संवाद न्यूज़ एजेंसी
पूंडरी (कैथल)। पूंडरी में एक मिठाई की दुकान पर बुधवार रात के समय अज्ञात आरोपियों ने गोली चला दी। गोलियां चलने के बाद क़स्बे के दुकानदारों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। जानकारी अनुसार बुधवार रात करीब आठ बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए चार युवकों पूंडरी के प्रतिष्ठित सलामत स्वीट्स हाउस पर गोलियां चलाकर फ़रार हो गए।
बताया यह जा रहा है कि सलामत स्वीट्स हाउस के मालिक तरुण गिरधर से बदमाशों ने फिरौती की मांग की हुई थी और फिरौती न देने पर जान से हाथ धोने की बात कही थी। हालांकि पुलिस ने दुकान मालिक को गनमैन मुहैया करवाया हुआ है।
गौरतलब है कि इस समय पूंडरी नगरपालिका में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में वीरवार को पूंडरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह की जनसभा भी होनी है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद हलका विधायक सतपाल जांबा व पुलिस बल मौक़े पर पहुंच चुका है। बदमाशों ने गोलियां दुकान के शीशों पर चलाई। घटनास्थल पर गोली के कई खोल पड़े हुए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनसभा से एक दिन पहले ही इस प्रकार फायरिंग की घटना कहीं न कहीं सुरक्षा व्यवस्था के दावे फेल साबित करता दिखाई देता है। वहीं, इस घटना के बाद एसपी राजेश कालिया व सीआईए की टीमें मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीमों ने भी जांच शुरू की है।
पूंडरी थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि मिष्ठान भंडार के संचालक से किसी अज्ञात ने फ़ोन पर रंगदारी मांगी थी। जिन आरोपियों ने गोलियां चलाई हैं। उनकी ओर से ही रंगदारी मांगने की आशंका है। मामले में मौके पर पहुंचकर जांच की है। मामले में आगामी जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।