कैथल। कांगथली चीका मार्ग पर पुलिस थाने से आने की बात कहकर बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी पर जा रहे बुजुर्गों को रुकवाया। उनमें से एक के हाथ से अंगूठी छीन कर फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में ग्वालियर मध्य प्रदेश के अजीत सिंह ने बताया कि वह अपनी ककराला अनायत में विवाहित अपनी बेटी नीतू के घर आया है। वह बुधवार को सुबह 10.40 बजे वह अपने समधी विरसा सिंह के साथ अपनी बेटी का ड्राइविंग लाइसेंस लेने के लिए ककराला अनायत से स्कूटी पर चले थे। जब वे कांगथली पार कर चीका की तरफ गुरद्वारा के नजदीक पहुंचे। पीछे से दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आए और उन्होंने स्कूटी के आगे अपनी मोटरसाइकिल लगा दी और कहने लगे कि नीचे उतरो आप एक महिला का पर्स चोरी करके लाए हैं।
उन्होंने पुलिस थाने से आने की बात कही। दोनों ने उनकी तलाशी शुरू कर दी। इसी बीच एक उसके हाथ की अगुंली से सोने की अंगूठी निकाल ली। अगूंठी लगभग सात ग्राम की थी। साथ ही स्कूटी की चाबी भी निकाल ली और वह उन्हें धक्का देकर अपनी मोटरसाइकिल पर चीका की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है आरोपियों का सुराग लगाया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।