संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। थाना ढांड क्षेत्र के गांव बरोट रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक किसान की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बरोट निवासी सतपाल ने ढांड थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी का कार्य करता है। उसका बड़ा भाई 54 वर्षीय रमेश कुमार पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था और उसका कैथल में इलाज चल रहा था।
सतपाल के अनुसार 10 मई को वह अपने भाई रमेश कुमार के साथ बाइक पर दवाई लेने के लिए कैथल गया था। दवाई लेकर वापस लौटते समय दोपहर करीब 12 बजे जब वे बरोट रोड स्थित डेरा बाबा कुटिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रही सिल्वर रंग की कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सतपाल सड़क पर गिर गया, जबकि रमेश कुमार उछलकर पास खड़े बिजली के खंभे से जा टकराया। दुर्घटना में रमेश कुमार के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
शिकायतकर्ता के अनुसार हादसे के बाद आरोपी चालक कुछ दूरी पर कार रोककर नीचे उतरा, लेकिन घायल की गंभीर हालत देखकर कार सहित मौके से भाग गया। शिकायतकर्ता ने कार का नंबर एचआर-09एफ-1619 बताया है।
परिजन घायल रमेश कुमार को निजी वाहन से सिग्नस अस्पताल कैथल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में सतपाल को भी पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है।
जांच अधिकारी एएसआई राजेंद्र कुमार ने बताया कि थाना ढांड पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत होने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।