संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के गांव उझाना में तेज रफ्तार एक कार ने मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने कार ड्राइवर के खिलाफ सदर थाना में शिकायत दी है, और पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
अर्जुन नगर, कैथल निवासी कपिल कुमार ने बताया कि 11 सितंबर को उनके 50 वर्षीय पिता सुरेश कुमार अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव उझाना की ओर जा रहे थे। रात करीब आठ बजे गांव उझाना के मुख्य मार्ग पर एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मजदूरी करता था सुरेश ः हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से भाग गया। घायल सुरेश कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सुरेश मजदूरी करते थे और उनके परिवार में पत्नी व दो बेटे हैं।
सदर थाना के जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान के आधार पर कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।