संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मटकालिया गांव में कार की टक्कर लगने से एक बाइक सवार की जान चली गई। उधर, खुराना रोड पर कार की चपेट में आने से पिता और बेटी घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
गुहला थाने में दी गई शिकायत में गुहला निवासी खुशहाल ने बताया कि 27 मार्च को वह और उसके 50 वर्षीय पिता कर्मबीर बाइक पर सवार होकर मजदूरी करने के लिए मटकालिया व अगौंध गांव गए थे। वह खुद मटकालिया और उसका पिता अगौंध में काम के लिए गए थे।
उसने बताया कि जब शाम को अपने घर वापस आने के लिए उसका पिता उसे मटकालिया गांव लेने के लिए आ रहा था और गांव के बस अड्डे पर पहुंचा तो अज्ञात कार ड्राइवर ने तेजगति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके पिता को टक्कर मार दी।
हादसे में उनका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। वे उसे कैथल अस्पताल लेकर गए, जहां से डॉक्टरों ने उसको पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां चोटें ज्यादा होने के कारण इलाज के दौरान उसके पिता की मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और वापस भेज दिया। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके पिता की मौत कार ड्राइवर की लापरवाही से हुई है।
गुहला थाना प्रभारी सुरेश ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, खुराना रोड पर कार की चपेट में आने से पिता और बेटी घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। शहर थाने में दी गई शिकायत में अर्जुन नगर कैथल निवासी अशोक कुमार ने बताया कि 27 मार्च को शाम के समय जब वह अपनी बेटी के साथ मंदिर जा रहा था तभी यह हादसा हो गया।
उन्होंने बताया कि जैसे ही वे खुराना चौक के निकट पहुंचे तो एक ऑल्टो कार चालक ने अपनी गाड़ी को तेज गति और लापरवाही से चलते हुए उसे तथा उसकी बेटी को चपेट में लेकर घायल कर दिया। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।