बैठक में पहुंचे भाई सुदीप तो हुड्डा के पांव छूकर आशीर्वाद लिया। हुड्डा ने भी रणदीप का नाम लिया और बोले कि कर्नाटक में व्यस्त हैं, फोन पर बात हुई है। हुड्डा ने कांग्रेस के गुटबाजी को नकारा। प्रदेश अध्यक्ष उदयभान बोले कि जल्द जिलास्तर पर संगठन का गठन होगा।
राहुल गांधी की यात्रा के पहले चरण में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कर्नाटक प्रभारी राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला की एक दूसरे से नजरें बचाकर निकलते हुए मीडिया में आई फोटो से गुटबाजी की बात सामने आई थी। इसके बाद वीरवार को कैथल में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रणदीप सुरजेवाला के साथ किसी भी तरह की गुटबाजी को नकारते हुए एकजुटता का संदेश दिया है।
विज्ञापन
कैथल से विधायक एवं मंत्री रह चुके रणदीप सुरजेवाला बैठक में नहीं पहुंचे लेकिन रणदीप सुरजेवाला के भाई कांग्रेस नेता सुदीप सुरजेवाला जरूर इस बैठक में पहुंचे और पूर्व सीएम के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। साथ ही उनके सामने मंच पर कैथल से पानीपत रैली में 5000 लोगों को ले जाने का वादा भी किया।
संबोधन में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी शुरुआत में ही रणदीप सुरजेवाला का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज यहां कार्यकर्ताओं की बैठक में कैथल जिले के चारों हलकों से लोग आए हैं। उन्होंने यहां आने से पहले रणदीप सुरजेवाला से भी बात की थी। वे कर्नाटक में व्यस्त हैं, लेकिन उनके भाई सुदीप सुरजेवाला आए हैं। सभी एकजुट होकर यात्रा की तैयारियों में जुटे हैं। भीड़ को देखते हुए लगता है कि आधा पंडाल तो कैथल की टीम ही भर देगी।
विज्ञापन
उधर, मीडिया से बातचीत में भी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस जुड़ेगी या नहीं? के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस जुड़ी हुई है। केवल आप लोगों (मीडिया) के सवालों में बंटी हुई होती है। जब उनसे सवाल किया कि इतने दिनों से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भी उदयभान पहली बार कैथल आए हैं?
कार्यकर्ताओं की बैठक तक नहीं ली गई? जिलास्तर पर संगठन नहीं है? इस पर पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि आज आए तो हैं, अभी तो ये प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। इसके बाद इस सवाल का जवाब देने के लिए आगे आए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिलास्तर पर संगठन की रिपोर्ट तैयार करके आला कमान को भेजी गई है। जल्द ही जिलास्तर पर संगठन खड़ा होगा। हरियाणा में निश्चित तौर पर राहुल गांधी की यात्रा से नए जोश का संचार हुआ है।