आठ नवंबर से कोरोना मुक्त चल रहे कैथल जिले में गुरुवार को पौने दो माह बाद कोरोना का नया केस सामने आया है। यह व्यक्ति आस्ट्रेलिया से यहां एक विवाह समारोह में भाग लेने के लिए आया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई सैंपलिंग में वह कोरोना पॉजिटिव मिला है। उसमें कोरोना का चीन में मिला नया वेरिएंट है या नहीं, इस बात की जांच के लिए सैसंपल भेजा है। फिलहाल ‘मेहमान’ को आइसोलेट कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जिले के गांव फरल निवासी व्यक्ति आस्ट्रेलिया से विवाह समारोह में भाग लेने के लिए आया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर की जा रही विदेशी यात्रियों की सघन जांच में उसकी सैंपलिंग हुई। इसमें वह कोरोना पॉजिटिव मिला। इसके बाद उसे आइसोलेट कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित व्यक्ति के रिपोर्ट के तहत चीनी वेरिएंट की जांच को लेकर भी सैंपल भेजा है। आगामी से तीन से चार दिन तक उसकी रिपोर्ट आएगी। इसके बाद ही यह जानकारी मिल पाएगी कि व्यक्ति कहीं चीन में नए मिले कोरोना के वेरिएंट से संक्रमित तो नहीं।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि जिले में वीरवार को कोरोना का नया मामला सामने आया है। इसमें ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटा व्यक्ति संक्रमित मिला है। उसे आइसोलेट कर दिया है। उन्होंने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत स्वास्थ्य विभाग की तरफ से विदेशों से आने वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पांच दिन पहले चार देशों से आने वाले यात्रियों पर नजर रखने के आदेश जारी हुए हैं। इसमें चीन, हांगकांग, ब्राजील, जापान शामिल थे। परंतु अब हर देश से आने वाले यात्रियों की निगरानी की जा रही है।
आठ नवंबर को कोरोना मुक्त हुआ था कैथल
बता दें कि गत आठ नवंबर को कैथल कोरोना मुक्त हुआ था जबकि इससे पहले तीन नवंबर को अंतिम बार कोरोना संक्रमण का केस मिला था। जिले में वर्तमान समय में जिले में अब एक एक्टिव केस हो चुका है। जिले में अब तक लिए गए पांच लाख 37 हजार 744 सैंपल में से 15 हजार 214 लोग संक्रमित मिले हैं। जबकि 15 हजार 213 लोग ठीक हो चुके हैं। जिले में 377 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।