ैथल। सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) को लेकर बसों में सरकार के निशुल्क यात्रा के निर्णय के अनुसार बसों में सीट की एडवांस बुकिंग कराने के लिए परीक्षार्थियों को परीक्षा देने पहले ही एक और ‘परीक्षा’ देनी पड़ी। शुक्रवार को दिनभर सीट बुक कराने के लिए नए बस स्टैंड पर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटी रही। इस कारण यहां पर आने वाले यात्रियों सहित अन्य विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ी है। हालांकि रोडवेज विभाग की तरफ से परीक्षार्थियों के लिए सीट बुक करवाने के लिए अलग से सहायता केंद्र व काउंटर लगाए गए थे। बावजूद इसके व्यवस्था नहीं बन पाई।
सुबह सात बजे से ही परीक्षार्थी अपनी सीट बुक करवाने के लिए बस अड्डा पर पहुंचना शुरू हो गए थे। वहीं, विभाग की तरफ से भी बस स्टैंड पर लगाए गए छह काउंटरों पर करीब 60 कर्मचारियों की ड्यूटियां भी लगाई गई थी। बस स्टैंड पर भीड़ का आलम इतना रहा कि व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस की भी सहायता लेनी पड़ी। सरकार की मंशा के अनुसार, परीक्षार्थी के साथ परिवार का एक सदस्य भी यात्रा कर सकते हैं। शर्तीय उनका नाम परिवार पहचान पत्र में दर्ज हो। ऐसे में फ्री बस यात्रा के लिए पंजीकरण के लिए परीक्षार्थियों की भीड़ दिनभर जुटी रही।
गौरतलब है कि कैथल जिले से जिला प्रशासन की तरफ से करीब 370 बसें चलाई जानी है। परीक्षार्थियों को ये वहां ले जाने व वहां से वापस लाएंगी। इनमें 240 स्कूल बस, 50 रोडवेज, 80 सोसायटी की बसें शामिल बताई गई हैं। एडवांस बुकिंग को लेकर की गई व्यवस्था को लेकर रोडवेज महाप्रबंधक अजय गर्ग व संस्थान प्रबंधक रोहताश जांगड़ा ने स्वयं काउंटरों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रोडवेज कर्मियों से बुकिंग को लेकर जानकारी प्राप्त की। शुक्रवार को कुल 5396 परीक्षार्थियों ने छह जिलों में जाने के लिए एडवांस बुकिंग करवाई।
कैथल से राज्य से कुल छह जिलों में विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र आया है। इस कारण से नया बस स्टैंड से केवल इन्हीं छह जिलों कुरुक्षेत्र, करनाल, हिसार, फतेहाबाद, चंडीगढ़ व पंचकुला और अंबाला के लिए स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। इस मौके पर बिमल कुमार ग्योंग, कृष्ण गुलियाणा, जीता राम, सतबीर, कुलविंद्र सिंह, लखपत सिंह सहित अन्य कर्मचारियों ने एडवांस बुकिंग के कार्य में सहयोग किया।
शुक्रवार को कुल इन जिलों के लिए हुई एडवांस बुकिंग-
जिला बुकिंग हुई
पंचकूला (चंडीगढ़) 1148
कुरुक्षेत्र 573
करनाल 481
फतेहाबाद 1064
अंबाला 752
हिसार 1378
कुल 5396
परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए भी होगा बसों का प्रबंध
सरकार के आदेशों के तहत दो दिन तक आयोजित होने वाली परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए अलग से बसों का प्रबंध किया जाएगा ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की कोई कठिनाई न हो।
झेलनी पड़ी परेशानी
शहरवासी हैप्पी ने बताया कि शुक्रवार को वह नया बस स्टैंड पर हिसार जाने के लिए बस की सीट बुक करवाने के लिए पहुंचा था, लेकिन यहां पर अच्छे से व्यवस्था नहीं की गई थी। इस कारण यहां पर अपनी सीट बुक कराने पहुंचे परीक्षार्थियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
शहरवासी राजेश सैनी ने कहा कि सरकार की तरफ से बसों में निशुल्क यात्रा का निर्णय सराहनीय है, लेकिन यह फैसला अचानक लिया है। इस कारण अच्छे से प्रबंध नहीं हो पा रहा है। यदि कुछ दिन पहले यह निर्णय लिया जाता तो यह बेहतर होता। फिर भी यह फैसला अच्छा है, लेकिन परीक्षार्थियों की सुविधा के अनुसार बसें चलें।
लोकल रूटों पर हो सकती है परेशानी
सीईटी की परीक्षा के लिए चलाई जाने वाली स्पेशल बसों के कारण अन्य रूटों पर नाममात्र बसों का संचालन की लोकल रूटों पर किया जाएगा। इस कारण लोकल रूटों पर आने-जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रोडवेज विभाग के अनुसार इन दोनों में दिनों में केवल दिल्ली, हिसार और चंडीगढ़ जैसे रूटों पर ही बसों का संचालन किया जाएगा।
रोडवेज महाप्रबंधक अजय गर्ग ने कहा कि सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए शुक्रवार को रोडवेज कर्मियों ने पूरी व्यवस्था के तहत एडवांस बुकिंग का कार्य किया। परीक्षार्थी बिना बुकिंग के तहत भी बस में निशुल्क यात्रा कर सकते हैं। उनके साथ परिवार का एक सदस्य भी निशुल्क यात्रा कर सकता है। उसे केवल परिवार पहचान पत्र दिखाना होगा।