संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिलेभर में शुक्रवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। इसी कड़ी में लघु सचिवालय में विभिन्न कार्यालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों ने मतदान की शपथ ली। इस मौके पर डीसी प्रीति ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक और सजग रहने का आह्वान किा।
पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित फाइनल रिहर्सल के दौरान डीसी प्रीति ने सभी को मतदान की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि मतदान करना न केवल हमारा अधिकार है, बल्कि कर्तव्य भी है। इसलिए हमें सभी निर्वाचन में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए और अपने मत का बिना किसी डर, भय और प्रलोभन के सही उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है। युवा वर्ग देश को नई दिशा देने का काम करता है। विशेष रूप से युवा मतदाता स्वयं भी प्रत्येक निर्वाचन में भाग लेकर देश के प्रति अपने कर्तव्य को निभाएं और अपने आसपास के लोगों को भी मतदान प्रति जागरूक करें।
डीसी ने कहा कि देश के विकास में किया गया मतदान बहुत ही महत्वपूर्ण होता है। आपको 18 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही यह अधिकार मिल जाता है। संविधान में महिला और पुरुष दोनों को समान अधिकार दिए गए हैं। वोट एक ऐसा अधिकार है, जिससे आप अपनी मर्जी से अपना प्रतिनिधि चुन सकते हैं। हमारी जो जिम्मेदारी है, उसका निर्वहन पूरी सूझ-बूझ व समझदारी से करना चाहिए।
इस मौके पर एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, डीडीपीओ कंवर दमन, डीआईओ दीपक खुराना, डीएसपी सुशील प्रकाश आदि अधिकारी मौजूद रहे।