10-कैथल। प्रैसवार्ता में जानकारी देते हुए जिला बार एसोसिएशन के प्रधान रविंद्र तंवर व अन्य पदाधिका
- फोटो : Kaithal
कैथल। पानीपत और पलवल बार एसोसिएशन के राज्यव्यापी आह्वान पर बुधवार को भी कैथल में वकीलों ने वर्क सस्पेंड रखा। यहां वकीलों ने कोई कामकाज नहीं किया। इस कारण दूर-दूर से आए मुवक्किलों को भारी परेशानी हुई। मंगलवार को शिवरात्रि के चलते अधिवक्ताओं ने वर्क सस्पेंड किया गया था।
पत्रकारों से बातचीत में जिला बार एसोसिएशन के प्रधान रविंद्र तंवर एडवोकेट ने बताया कि पानीपत में अधिवक्ता सुनीता कश्यप के साथ एक पुलिसकर्मी ने अभद्रता की। इसकी शिकायत वकीलों ने पुलिस को दी लेकिन दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई नहीं की गई। प्रधान का आरोप है कि पुलिस ने तीन वकीलों सुनीता कश्यप, सचिन मलिक और रामदास त्यागी के खिलाफ झूठा केस दर्ज कर दिया। इस बात से खफा पानीपत के वकील हड़ताल पर हैं।
इसी प्रकार पलवल में एडवोकेट भगत पोसवाल के बेटे के मर्डर के मामले में पुलिस ने अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है। इन दोनों मामलों को लेकर राज्य भर के वकीलों में रोष है। तंवर ने कहा कि वे पानीपत और पलवल बार एसोसिएशन की यदि कॉल आई तो आगे भी वर्क सस्पेंड जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में पानीपत और पलवल के वकीलों के साथ हैं। वकील यहां अदालतों में पेश नहीं हुए।
उधर, अदालत परिसर खाली खाली रहा। अदालतों में आगे की तारीख लेने के लिए परोक्षी कौंसिल नियुक्त किए गए थे। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के उप प्रधाप संजीव बतान, सचिव कर्ण कालड़ा, मीडिया कोर्डिनेटर प्रदीप हरित, उप सचिव सुनीता मलिक, कोषाध्यक्ष संजीव सैनी, पूर्व प्रधान अशोक गौतम और नफे सिंह बेरवाल, पूर्व सचिव मनीष राठी दीवाल, एडवोकेट शिव कुमार भी उपस्थित थे।