नोटबंदी के बाद सोमवार को बैंक बंद व एटीएम खाली होने के कारण नकदी की कमी का जन-जीवन पर काफी बुरा असर रहा। लोगों को जरूरी वस्तुएं खरीदने तक में परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं अब तक उधार में सामान दे रहे दुकानदारों ने उधारी भी बंद कर दी है। जिससे यदि नकदी नहीं मिलती है तो इस सप्ताह लोगों की परेशानियां और भी बढ़ सकती हैं। वैसे बुधवार तक जिले में करीब 30 करोड़ की नकदी बैंकों में पहुंचने पर स्थिति में कुछ सुधार आ सकता है।
सोमवार सुबह करीब छह बजे ही कई एटीएमों के बाहर लोग जुटे। लेकिन शहर में एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक लोग भटकते रहे। किसी एटीएम से नकदी नहीं मिली। दोपहर तक पदमा सिटी मॉल में स्थित एटीएम से नकदी मिलने की सूचना पूरे शहर में फैल गई। क्योंकि इस एटीएम का अधिकतर लोगों को पता नहीं था। बाद में यह भी खाली हो गया।
नहीं निकली राशि
शहरवासी अनिल सैनी ने बताया कि नकदी निकलवाने के लिए चालू एटीएम को सुबह ही तलाशना शुरू कर दिया गया। उसने बताया कि उसे घर खर्च के लिए जरूरी रुपये चाहिए थे। लेकिन शहर में किसी भी एटीएम के चालू न होने कें कारण उसे काफी दिक्कत हुई। तीन घंटे के बाद एक एटीएम चालू मिला। लेकिन उसमें भी राशि नहीं थी। जिस वजह से उसे रुपये नहीं मिल पाए।
पांच घंटे बाद चालू मिला एटीएम
एटीएम से रुपये निकलवाने आए बलराम ने बताया कि रुपये निकलवाने के लिए वह रविवार शाम को पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम के बाहर लाइन में खड़ा था। एटीएम में राशि खत्म होने के कारण वह रुपये नहीं निकाल पाया। सोमवार को एटीएम से रुपये निकालने के लिए पांच घंटे घुमा बाद में उसे करनाल रोड पर एक एटीएम
चालू मिला जिसमें से रुपये निकाला।
उधारी देना बंद, काम-काज पूरी तरह से ठप
नोटबंदी से लोगों की जेब ढीली होने के कारण हर धंधा ठप हो गया है। सोमवार को बैंकों की छुट्टी के कारण बैंक व एटीएम बंद होने से लोगों द्वारा की अन्य दिनों की अपेक्षा 20 प्रतिशत तक भी खरीदारी नहीं की गई। उधारी देना भी अब दुकानदारों ने बंद कर दिया है। दुकानदार अतुल, विपिन और सचिन ने बताया कि नोटबंदी का बाजार में काफी असर है। बाजार में माल लाने के लिए उनके पास पैसों का काफी अभाव हो चुका है। नोटों के प्रचलन बंद होने से थोक विक्रेताओं द्वारा पांच सौ और एक हजार रुपयों के नोट नहीं लिया जा रहा जिससे उनका काम पर अधिक प्रभाव पड़ा है।
इन बातों का आज रखें ध्यान
1. एटीएम से एक दिन में 2500 तो बैंक जाकर एक सप्ताह में 24000 रुपये तक निकलवा सकते हैं राशि
2. आपके पास जो करंसी है, उसके लिए अफरा-तफरी ना मचाएं। करंसी बदलवाने के लिए पूरा समय है। सरकार ने स्पष्ट किया है सारी करंसी को बदला जाएगा।
3. अफवाहों पर ध्यान ना दें। जो सूचना कंफर्म हो, उसी के अनुसार काम करें।
4. लीड बैंक मैनेजर के अनुसार दस रुपये के सिक्कों को स्वीकार करें। इसमें नकली सिक्के नहीं हैं। साथ ही 2000 रुपये के नोट नकली नहीं हैं। उन्हें स्वीकार करें।
आज लगभग सभी बैंकों में मिलेंगे 2000 के नोट, 500 के नोट मिलने में लगेगा समय
लीड बैंक मैनेजर टीके राणा ने कहा कि बुधवार तक जिले में करीब 30 करोड़ की नई करंसी पहुंच जाएगी। जिससे स्थिति में काफी सुधार होगा। मंगलवार को करीब-करीब सभी बैंकों में 2000 रुपये की नई करंसी पहुंच जाएगी। लोग अफवाहों पर ध्यान ना दें।