कैथल। गलती से अधिक दी गई नकदी उपभोक्ता को लौटाकर पंजाब नेशनल बैंक की टिंबर मार्केट शाखा के कैशियर ने ईमानदारी का परिचय दिया। इस पर कैशियर रामनिवास को एलडीएम सुरेंद्र कुमार नंदा, शाखा प्रमुख प्रवेश मोर, नेहा शर्मा, संदीप जिंदल व समस्त स्टाफ ने बधाई देते हुए हौसला अफजाई की।
एलडीएम नंदा ने बताया कि 20 मई को पीएनबी टिंबर मार्केट शाखा में रोजाना की तरह कार्य हुआ। कैशियर राम निवास के पास उपभोक्ताओं ने कैश जमा करवाया। शाम को कैशियर रामनिवास अपने कैश का हिसाब लगा रहा था तब उसे 50 हजार रुपये ज्यादा मिले। उसने फिर सारा कैश दोबारा गिना व दिनभर के वाउचरों का सिस्टम से मिलान किया। इस दौरान पुष्टि हुई कि उसके पास आज ज्यादा कैश है। उसने इसकी सूचना शाखा प्रमुख हवा सिंह ग्रोवर को दी।
शाखा प्रमुख ने सीसीटीवी फुटेज से कैश जमा करवाने वाले सभी ग्राहकों का ध्यानपूर्वक अवलोकन किया और उस ग्राहक का पता लगा लिया, जिसने गलती से ज्यादा कैश जमा कर दिया था। बैंक ने ग्राहक से संपर्क करने का प्रयास किया। उस दिन ग्राहक ने फोन नहीं उठाया। अगले दिन ग्राहक से संपर्क कर उसे शाखा में बुलाया गया। ग्राहक को इस बात की बिलकुल भी जानकारी नहीं थी कि उसने ज्यादा रुपये जमा करा दिए हैं। पूरा मामला समझाने के बाद बैंक ने ये रुपये उसके खाते में जमा कर दिए।