कैथल। बाबा बंदा सिंह बहादुर की त्रि-शताब्दी शहीदी के उपलक्ष्य में शोभा यात्रा निकाली जा रही है। शोभायात्रा 4 जून को कैथल पहुंचेगी। इस उपलक्ष्य में आरकेएसडी कालेज में 25 मई को रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। डीसी ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर इस बारे में निर्देश जारी किए।
डीसी रवि प्रकाश गुप्ता ने लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में लाइट एंड साउंड कार्यक्रम की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि बाबा बंदा सिंह बहादुर की त्रि-शताब्दी शहीदी के उपलक्ष्य में बंदा बहादुर की जीवन पर आधारित 25 मई को आरकेएसडी कालेज मैदान में ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने एडीसी जितेंद्र कुमार को इन कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।
डीसी बिजली विभाग के अधिकारियों को ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम के दौरान जनरेटर सैट की सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए तथा जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर पीने के स्वच्छ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीओ आईसीडीएस तथा उद्यान विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर रंगोली तथा साज सज्जा एवं गमलों का प्रबंध करने को कहा।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस तैनात करने तथा अग्निशमन अधिकारी को फायर ब्रिगेड की गाड़ी की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इन कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार विद्यालयों में प्रात: कालीन प्रार्थना सभा के माध्यम से करवाएं। उन्होंने जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी को भी विभिन्न प्रचार माध्यमों से इन कार्यक्रमों का प्रचार प्रसार करवाने के निर्देश दिए। 4 जून को पूंडरी में शोभा यात्रा पहुंचेगी तथा इसके बाद यह शोभा यात्रा कैथल शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए गुरुद्वारा नीम साहिब में रात्रि विश्राम के लिए रूकेगी।
सुबह साढ़े 7 बजे यह शोभा यात्रा सांघन गांव के लिए प्रस्थान करेगी, जहां से यह यात्रा जींद जिला के गांव रसीदा के लिए रवाना होगी। उन्होंने शोभा यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। समाजसेवी शिव शंकर पाहवा ने ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम तथा शोभा यात्रा के बारे में जानकारी दी।