गुहला-चीका। एसडीएम कार्यालय में सोमवार को एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत बैठक आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र में बढ़ते एनीमिया के मामलों और इसकी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने कहा कि एनीमिया विशेषकर महिलाओं, गर्भवती माताओं और बच्चों में तेजी से फैलने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्या है। इसे रोकने के लिए आयरन व फोलिक एसिड की नियमित खुराक, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की नियमित निगरानी की जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति आयरन की दवाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूलों में बच्चों को एनीमिया, फास्ट फूड और कोल्ड ड्रिंक्स के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और महिलाओं को एनीमिया संबंधी जानकारी देने के लिए कहा। स्वास्थ्य विभाग को सरकारी और निजी स्कूलों में विशेष अभियान चलाकर बच्चों को एनीमिया से बचाव के उपाय बताने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एनीमिया मुक्त हरियाणा के कोऑर्डिनेटर विनय गांधी ने कहा कि जागरूकता अभियान के माध्यम से एनीमिया पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बच्चों को नियमित आईएफए की खुराक देने, पौष्टिक भोजन अपनाने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।