संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर की हनुमान वाटिका में बैसाखी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर भक्ति भाव से प्रभु का गुणगान किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालु भजन-कीर्तन में लीन नजर आए। सुंदरकांड पाठ के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
पुजारी विशाल ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। स्थानीय लोगों ने भी आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग दिया और व्यवस्था को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।