संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में बुधवार को दिनभर बदरा छाए रहे पर बरसे नहीं। मौसम में बदलाव से सर्दी बढ़ गई है। दूसरी ओर वायु गुणवत्ता सूचकांक फिर बढ़ गया। मंगलवार को 236 के मुकाबले एक्यूआई 287 दर्ज किया गया। दिनभर तीन किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चली। इससे ठिठुरन रही।
मौसम बदलने से लोगों ने अब गर्म वस्त्रों का प्रयोग शुरू कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी एक सप्ताह तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा। पिछले दो दिनों से मौसम में एकदम से बदलाव आया है। रात के समय अधिक ठंड होने लगी है। सुबह के समय भी कोहरा होने लगा है।
दिन में कुछ देर ही धूप निकलती है, इसके बाद फिर बारिश जैसे स्थिति हो जाती है और पांच बजे ही अंधेरा होने लगता है। अधिकतम तापमान 24.1 व न्यूनतम तापमान 14.1 दर्ज किया गया।
धुंध से होगा गेहूं में फुटाव ः किसान साहिल, राजेश, प्रदीप, महावीर, निर्मल ने बताया कि इस समय गेहूं की फसल में फुटाव के लिए धुंध का होना जरूरी है। दिसंबर महीना आने को है, लेकिन अब तक जो धुंध गेहूं को चाहिए वह हुई नहीं है। धुंध होने से गेहूं की फसल में फुटाव होगा और अच्छी पैदावार होगी। बीते दिन हुई बूंदाबांदी का भी कोई असर नहीं होगा। गेहूं की बिजाई पूरी हो चुकी है। अब गेहूं को बारिश व हल्की धुंध की जरूरत है।
कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य समन्वयक डॉ. रमेश वर्मा ने कहा कि आगामी एक सप्ताह तक मौसम स्थिर बना रहेगा। उन्होंने बताया कि वीरवार को बारिश की संभावना है, यदि बारिश हुई तो गेहूं की सरसों की फसल को फायदा होगा। गेहूं में फुटाव होगा और अच्छी पैदावार होगी।