संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने 12वीं पास छात्रों के लिए नया बीए होम साइंस कार्यक्रम शुरू किया है। जुलाई सत्र 2025 से शुरू होने वाला यह कोर्स चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम (एफवाईयूपी) के तहत ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) मोड में उपलब्ध होगा। यह जानकारी इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्मपाल ने दी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। यह कोर्स कौशल आधारित और रोजगारोन्मुखी है, जिसमें बाल विकास, पोषण, फैब्रिक साइंस, सामुदायिक संसाधन प्रबंधन और कम्युनिकेशन जैसे विषय शामिल हैं। माध्यम हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों रखा गया है।
कोर्स की अवधि तीन वर्ष निर्धारित है, जिसे अधिकतम छह वर्ष में पूरा किया जा सकता है। परीक्षा हर साल एक बार होगी। पाठ्यक्रम में थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों होंगे और कुल 120 क्रेडिट पूरे करने होंगे।
फीस 5,000 रुपये वार्षिक रखी गई है, जिसमें रजिस्ट्रेशन और डेवलपमेंट शुल्क शामिल है। प्रत्येक वर्ष के बाद एग्जिट विकल्प भी दिए गए हैं—पहले वर्ष के बाद सर्टिफिकेट, दूसरे के बाद डिप्लोमा, तीसरे वर्ष के बाद बीए और चौथे वर्ष के बाद बीए ऑनर्स की डिग्री प्रदान की जाएगी।
कोर्स करने के बाद छात्र बाल विकास, पोषण, शिक्षा, कपड़ा, महिला एवं बाल विकास विभागों और एनजीओ में रोजगार पा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी ignouadmission.samarth.edu.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
दाखिला के लिए यूजीसी डीईबी आईडी अनिवार्य
कैथल। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ़ धर्मपाल ने बताया की इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में जुलाई 2025 सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने बताया की यूजीसी-डीईबी ने सभी ओपन और डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और ऑनलाइन कार्यक्रमों के लिए एक नई प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है। यूजीसी-डीईबी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, अब प्रत्येक शिक्षार्थी (अंतर्राष्ट्रीय शिक्षार्थियों को छोड़कर) के लिए किसी भी ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) या ऑनलाइन (ओएल) पाठ्यक्रम में नामांकन से पहले अपनी एबीसी आईडी का उपयोग करके एक डीईबी-आईडी बनाना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक शिक्षार्थी यूजीसी-डीईबी वेब पोर्टल https://deb.ugc.ac.in/StudentDeBID पर जाएं और अपने अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी) आईडी का उपयोग करें। संवाद