46-कैथल। जिला अस्पताल का दृश्य।
- फोटो : Kaithal
कैथल। तमाम परेशानियों के बावजूद आयुष्मान योजना लोगों के लिए वरदान भी साबित हो रही है। गांव दुब्बल निवासी राममेहर के लिए भी यह किसी वरदान से कम नहीं हैं। सड़क हादसे टांग के टूट जाने के कारण परेशानी झेल रहे राममेहर को तीन बाद आयुष्मान योजना का कार्ड बना तो बड़ी राहत मिली। 19 दिन अस्पताल में रहने के बाद अब वह अपने घर है और स्वास्थ्य लाभ कर रहा है।
राममेहर ने बताया कि 31 अगस्त का गांव खेड़ी लांबा के निकट सड़क दुर्घटना में उसकी टांग टूट गई थी। उसे सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसका ऑपरेशन होगा। उसका शुरू में आयुष्मान योजना का कार्ड नहीं चला था। पहले दो-तीन दिनों में उसके 2100 रुपये खर्च हो गए थे। बाद में उसका आयुष्मान योजना का कार्ड बना तो डॉक्टरों ने पूरा इलाज निशुल्क किया। इसके बाद उसकी टांग में प्लेट डाली गई और सफल ऑपरेशन के बाद उसे 18 सितंबर तक जिला अस्पताल में दाखिल रखा। वह पूरे 19 दिन अस्पताल में रहा और उसका ऑपरेशन पूरी तरह से निशुल्क हुआ है। जिससे उसे बड़ी राहत मिली है। आयुष्मान योजना के तहत यह सुविधा ना मिलती तो ना जाने उसके कितने हजार रुपये इस ऑपरेशन पर खर्च होते। जबकि हर रोज दिहाड़ी करके अपना व परिवार के बच्चों का पेट पाल रहा था। उसके लिए ऑपरेशन खर्च उठाना मुश्किल हो जाता।
योजना के नोडल अधिकारी डॉ. संदीप जैन ने बताया कि योजना के तहत लोगों को लाभ मिल रहा है। लोग अपने आयुष्मान योजना के कार्ड बनवाएं। जिन्हें आधार नंबर आदि अपडेट करने में परेशानी आ रही है। वे अपने आधार नंबर अपडेट करवा लें।