संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पिहोवा चौक स्थित हारट्रोन एडवांस स्किल सेंटर में शनिवार को एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ट्रैफिक पुलिस के डीएसपी सुशील प्रकाश ने युवाओं को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और युवाओं में ट्रैफिक नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। इस अवसर पर डीएसपी ट्रैफिक सुशील प्रकाश व ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते हुए उनके पालन का आह्वान किया।
डीएसपी ने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग, तेज गति से वाहन न चलाना, मोबाइल फोन का वाहन चलाते समय उपयोग न करना, स्टंटबाजी और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसी लापरवाहियों से सड़क हादसों में तेजी से वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान-माल की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन आवश्यक है।
उन्होंने यह भी बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं नियमों की अनदेखी का परिणाम होती हैं, जिन्हें थोड़ी सी जागरूकता और जिम्मेदारी से टाला जा सकता है।
कार्यक्रम में इंस्टीट्यूट हेड डॉ. बलविंदर ढुल, चीफ को-ऑर्डिनेटर पंकज आत्रेय, को-ऑर्डिनेटर खुशबू अरोड़ा, सेंटर मैनेजर मोहिनी कंसल, हैवी व्हीकल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट गढ़ी से पुनीत धीमान समेत अन्य स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।