गांव में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित स्वास्थ्य कर्मचारी।
राजौंद। गांव खुरड़ा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कार्यकर्ता पंकज व अनिता ने आमजन, महिलाओं और युवाओं को कन्या भ्रूण हत्या रोकने और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बेटियां बोझ नहीं बल्कि देश का भविष्य हैं। समाज में कन्या भ्रूण हत्या जैसे गंभीर और गैरकानूनी अपराधों के कारण लिंगानुपात बिगड़ रहा है, जो समाज के लिए घातक है। उन्होंने पीएनडीटी एक्ट के बारे में बताया कि गर्भ में पल रहे बच्चे का लिंग जांच करवाना या करना पूर्णतः गैरकानूनी है। इस अपराध में संलिप्त पाए जाने पर पहली बार तीन वर्ष की सजा और एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। उन्होंने यह भी अपील की कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाया जाए तो उसकी सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और सूचना सही पाए जाने पर एक लाख रुपये का इनाम भी दिया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मोइन खान ने लोगों को उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बढ़ती बीमारियों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान डाॅ. जितेन्द्र सिंह मौजूद रहे।
गांव में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित स्वास्थ्य कर्मचारी।